देश की खबरें | दिल्ली में 2016 से 2019 के बीच लगाए गए पौधों में से 80 फीसदी से ज्यादा बच गए: अधिकारी

नयी दिल्ली, चार मार्च दिल्ली में 2016 से 2019 के बीच लगाए गए पौधों में से 80 फीसदी से ज्यादा बच गए हैं। वन शोध संस्थान (एफआरआई) की संशोधित रिपोर्ट का हवाला देते हुए अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में अब तक की गई वृक्ष प्रत्यारोपण कवायद का भी ऑडिट कराना चाहती है।

देहरादून स्थित एफआरआई की ओर से तीसरे पक्ष के तौर पर किए गए ऑडिट के आधार पर पहले बताया गया था कि दिल्ली में 2016 से 2019 की बीच लगाए गए पौधों के बचने की दर 50 से 75 फीसदी के बीच थी जो ‘अच्छी’ मानी जाती है।

एक सूत्र ने बताया कि वन विभाग इस पड़ताल से ‘नाखुश’ था और उसने एफआरआई से इस पर फिर से गौर करने के लिए कहा था।

एक अधिकारी ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर बताया, “ हमें संशोधित रिपोर्ट मिली है जो कहती है कि सभी मंडलों में (पौधों के) बचने की दर 80 फीसदी से ज्यादा है जिसे उत्तम माना जाता है।”

दिल्ली में 2016 से 2019 के बीच करीब 67 लाख पौधे लगाए गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)