स्थानीय पुलिस प्रवक्ता लॉन एडम ने बताया कि यह विस्फोट मध्य रात्रि के बाद जिगावा राज्य के माजिया नगर में हुआ, जब राजमार्ग पर टैंकर चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया।
जिगावा राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख डॉ. हारुना मैरिगा ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि 97 लोग घटनास्थल पर ही जलकर राख हो गए, जबकि आठ अन्य की अस्पताल में मौत हो गई।
अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश नाइजीरिया में घातक टैंकर दुर्घटनाएं आम बात हैं, जहां कई स्थानों पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन नहीं किया जाता और माल परिवहन के लिए कुशल रेलवे प्रणाली जैसे विकल्पों का अभाव है।
ऐसी दुर्घटनाओं के बाद लोगों द्वारा ईंधन इकट्ठा करना भी आम बात है, विशेषकर नाइजीरिया में ईंधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर। नाइजीरिया ने ईंधन पर सब्सिडी खत्म कर दी है जिसके बाद पिछले साल की शुरुआत से ईंधन के दाम तीन गुना हो चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि नवीनतम दुर्घटना में शामिल चालक पड़ोसी राज्य कानो से लगभग 110 किलोमीटर की यात्रा करके आया था।
एडम ने बताया कि जब निवासियों को माजिया नगर में इस दुर्घटना के बारे में पता चला तो वे घटनास्थल पर पहुंचे और ईंधन भरने लगे, तभी “एक भयंकर आग भड़क उठी”।
घटनास्थल से प्राप्त वीडियो में पूरे क्षेत्र में भीषण आग दिखाई दे रही थी तथा घटनास्थल पर शव बिखरे हुए नजर आ रहे थे।
बुधवार की सुबह माजिया कस्बे के निवासी शोक में थे और स्थानीय लोगों ने पीड़ितों के लिए सामूहिक अंतिम संस्कार किया था। आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि ज्यादातर शव पहचानने लायक नहीं थे।
आपातकालीन सेवाओं के प्रमुख मैरिगा ने कहा, “यदि उन्हें (खतरे के बारे में) पता होता तो वे (ईंधन) लाने नहीं जाते।”
उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं दुर्घटना के कई घंटे बाद ही घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने कहा, “लेकिन घटना पहले ही हो चुकी थी... (आग में) फंसे लोग जलकर राख हो गए।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY