देश की खबरें | मोर्बी हेरोइन बरामदगी : गुजरात एटीएस ने 10 करोड़ रुपये की दो किलो हेरोइन और जब्त की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने हाल ही में मोर्बी और देवभूमि द्वारका जिलों से 720 करोड़ रुपये की हेरोइन की बरामदगी मामले की जांच के दौरान सोमवार को 10 करोड़ रुपये मूल्य की दो किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन जब्त की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अहमदाबाद, 22 नवंबर गुजरात के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने हाल ही में मोर्बी और देवभूमि द्वारका जिलों से 720 करोड़ रुपये की हेरोइन की बरामदगी मामले की जांच के दौरान सोमवार को 10 करोड़ रुपये मूल्य की दो किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन जब्त की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एटीएस ने इस मामले में अब तक नाइजीरियाई मूल के एक नागरिक सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है और 144 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत 720 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एटीएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दो दिन पहले एटीएस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में से एक रहीम हाजी नोड ने स्वीकार किया है कि वह अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमारेखा के पास जखाऊ तट पर पाकिस्तान की एक नौका से हेरोइन की आपूर्ति लेने अनवर पटेलिया के साथ गया था, जिसे पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।’’
जामनगर शहर के पास बेदी पोर्ट रोड इलाके में रहने वाले रहीम नोड ने एटीएस को बताया कि उसने लगभग दो किलोग्राम हेरोइन रखी थी और उसे समुद्र के किनारे पोर्ट रोड पर एक स्थान पर छिपा दिया था, जिसे अब बरामद कर लिया गया है।
एक सप्ताह पहले एटीएस ने मोर्बी जिले से तीन लोगों को गिरफ्तार किया था और 600 करोड़ रुपये की 120 किलोग्राम हेरोइन जब्त की थी। इसके बाद फिर चार अन्य लोगों को गिरफ्तार कर देवभूमि द्वारका के नवादरा में पटेलिया के घर से 120 करोड़ रुपये की 24 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी।
एक अधिकारी के मुताबिक इस मामले में गिरफ्तार किए गए 11 लोगों में एक अरविंद यादव भी शामिल है, जो मादक पदार्थ तस्कर भोला शूटर उर्फ भारत भूषण शर्मा के साथ काम कर रहा था। भारत भूषण फिलहाल पंजाब की एक जेल में बंद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 22, 2021 11:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

