देश की खबरें | मुख्यमंत्री विजयन की बेटी की कंपनी को मिला पैसा ‘राजनीतिक फंडिंग’ है : कांग्रेस विधायक का दावा

कोट्टायम/कोच्चि, 19 अगस्त कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनदान ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनकी बेटी वीणा टी. के खिलाफ अपने आरोप शनिवार को फिर से दोहराए और दावा किया कि उनकी (वीणा) आईटी कंपनी को मिला पैसा‘राजनीतिक फंडिंग’ है।

कोट्टायम में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मूवात्तुपुझा से कांग्रेस के विधायक कुझालनदान ने एक निजी खनिज कंपनी और वीणा की आईटी कंपनी के बीच वित्तीय लेन-देन के संबंध में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से स्पष्टीकरण मांगा।

हालांकि, कांग्रेस विधायक ने अपने खिलाफ धन शोधन और स्टांप ड्यूटी चोरी के आरोपों और खुद के स्वामित्व वाले कथित ‘अवैध रिसॉर्ट’ के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया।

दिन में इसके पहले ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलयू) ने पेशे से वकील कुझालनदान के खिलाफ ‘पेशेवर कदाचार’ की शिकायत दर्ज करायी और आरोप लगाया कि वह एक व्यवसाय के मालिक हैं जो ‘अधिवक्ता अधिनियम’ का उल्लंघन है।

कुझालनदान ने आरोप लगाया, ‘‘उनकी (वीणा) आईटी कंपनी को निजी खनिज कंपनी से बहुत धन मिला है। मुझे उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, उनकी कंपनी को वर्ष 2014 से 63 लाख रुपये से अधिक का घाटा हुआ है। दस्तावेजों के अनुसार, उन्होंने अपनी कंपनी को चलाने के लिए लगभग 78 लाख रुपये का निवेश किया है।’’

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि वीणा की कंपनी को मिली नकदी ‘राजनीतिक फंडिंग’’ है।

कांग्रेस नेता ने यह भी सवाल किया कि क्या वीणा की आईटी कंपनी ने निजी खनन कंपनी से मिली धनराशि पर जीएसटी (माल एवं सेवा कर) का भुगतान किया है।

अर्पणा संतोष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)