कोलकाता, 23 फरवरी मोहन बागान सुपर जाइंट्स रविवार को यहां ओडिशा एफसी पर 1-0 से जीत के साथ इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के इतिहास में लीग शील्ड खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम बन गई।
आईएसएल शील्ड हासिल करने के साथ ही मोहन बागान ने महाद्वीप की दूसरी स्तरीय क्लब प्रतियोगिता एएफसी चैंपियंस लीग 2 में भी अपना स्थान पक्का कर लिया।
मेजबान टीम की जीत में स्थानापन्न मिडफील्डर दिमित्री पेट्राटोस ने 90+3वें मिनट में एकमात्र गोल दागा। पेट्राटोस को निर्णायक गोल करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मौजूदा सत्र में 22वें लीग मैच में जीत के बाद मोहन बागान के नाम 52 अंक हो गये है। टीम ने हालांकि दो मैच शेष रहते हुए लीग शील्ड को अपने नाम कर लिया।
मोहन बागान 22 मैचों में 16 जीत, चार ड्रा और दो हार से 52 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर है जबकि ओडिशा एफसी 22 मैचों में सात जीत, आठ ड्रा और सात हार से 29 अंक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर बनी हुई है।
मोहन बागान की निकटतम प्रतिद्वंद्वी एफसी गोवा के नाम 21 मैचों से 42 अंक हैं। गोवा की टीम अपने शेष तीन मैच जीतने पर भी मोहन बागान की बराबरी नहीं कर पायेगी।
मोहन बागान की टीम ने 2023-24 सत्र में 50 अंकों के साथ लीग शील्ड जीती थी।
ओडिशा एफसी के खिलाफ मैच बराबरी की तरफ बढ़ रहा था लेकिन पेट्राटोस ने आखिरी क्षणों में गोल कर टीम को यादगार जीत दिलायी। बाएं फ्लैंक से आये क्रॉस को मनवीर सिंह ने नियंत्रित कर अपने बगल में मौजूद पेट्राटोस की तरफ गेंद बढ़ा दी। इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाडी ने बायें पैर से शानदार किक लगाकर ओडिशा एफसी के गोलकीपर अमरिंदर सिंह को चकमा देकर गोल कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY