नयी दिल्ली, 31 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि विकास के विभिन्न मानकों से संकेत मिलता है कि ‘मोदीनॉमिक्स’ की वजह से भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। पार्टी ने भरोसा जताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के लिए देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े लगभग आठ प्रतिशत होने चाहिए।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ग्रामीण और शहरी मांग में वृद्धि, खपत के तौर-तरीकों, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह और विभिन्न अन्य मापदंड भविष्य के लिए ‘बहुत अच्छे संकेत’ देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘त्योहारों के नजदीक आने के साथ मांग में और वृद्धि होगी। देश की अर्थव्यवस्था काफी बेहतर स्थिति में होगी। विकास की गति भी और बढ़ेगी।’’
उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आर्थिक दृष्टिकोण ‘मोदीनॉमिक्स’ को दिया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के अर्थव्यवस्था के बेहतर प्रबंधन को भाजपा अक्सर ‘मोदीनॉमिक्स’ कहती है।
इस्लाम ने कहा, ‘‘पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़े आज आने वाले हैं। मुझे नहीं पता कि आंकड़ा क्या होगा, लेकिन विकास की गति इंगित करती है कि यह लगभग आठ प्रतिशत होगी।’’
उन्होंने कहा कि आठ प्रतिशत एक ‘शानदार’ आंकड़ा है और यह दिखाता है कि भारत की अर्थव्यवस्था न केवल बढ़ रही है, बल्कि बहुत तेज गति से बढ़ रही है।
इस्लाम ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है जबकि चीन सहित अन्य देशों की अर्थव्यवस्था सिकुड़ रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY