देश की खबरें | मोदी ने डेनमार्क की प्रधानमंत्री फ्रेडरिक्सन से बात कर हरित रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को डेनमार्क की अपनी समकक्ष मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और दोनों देशों के बीच हरित रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मोदी ने दूसरे कार्यकाल के लिए फ्रेडरिक्सन को बधाई भी दी।

बयान के मुताबिक दोनों नेताओं ने हाल ही में उच्च स्तरीय आदान-प्रदान और बढ़ते सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।

पीएमओ ने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने भारत-डेनमार्क हरित रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में उच्च स्तरीय आदान-प्रदान और बढ़ते सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।’’

इस दौरान मोदी ने फ्रेडरिक्सन को जी-20 की भारत की अध्यक्षता और इसकी प्रमुख प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी।

पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री फ्रेडरिक्सन ने भारत की पहल की सराहना की और उन्हें डेनमार्क का पूर्ण समर्थन दिया।’’

बयान के मुताबिक दोनों नेताओं ने अगले साल 2024 में भारत-डेनमार्क संबंधों की 75 वीं वर्षगांठ को उचित तरीके से मनाने और अपने संबंधों में और विविधता लाने के लिए क्षेत्रों का पता लगाने पर सहमति व्यक्त की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)