देश की खबरें | मोदी सरकार ने घुसपैठ रोककर देश को सुरक्षित बनाया : शाह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घुसपैठ रोककर देश को सुरक्षित बनाया है जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ या कांग्रेस ऐसा करने में असमर्थ हैं।
धार (मध्य प्रदेश), 11 नवंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घुसपैठ रोककर देश को सुरक्षित बनाया है जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ या कांग्रेस ऐसा करने में असमर्थ हैं।
शाह 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के धार जिले के मनावर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने हमारे देश को घुसपैठ मुक्त कर सुरक्षित किया है। हाल में एनआईए ने देशभर में छापेमारी की और रोहिंग्या घुसपैठ पर कड़ी कार्रवाई की। क्या ‘इंडी’ गठबंधन घुसपैठ रोक सकता है? क्या कांग्रेस पार्टी इसे रोक सकती है?’’
शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर प्रतिबंध लगा दिया और अनुच्छेद 370 को हटाकर कश्मीर को देश का अभिन्न अंग बना दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘उस समय राहुल बाबा (कांग्रेस नेता राहुल गांधी) कहते थे कि अगर अनुच्छेद 370 हटा दिया गया, तो (कश्मीर) घाटी की सड़कों पर खून बह जाएगा। लेकिन न तो खून बहा, न ही किसी ने पथराव करने की हिम्मत की।’’
गृह मंत्री ने दावा किया, ‘‘जब देश में कांग्रेस का शासन था, तब पाकिस्तान ने अपने आतंकवादी प्रतिनिधियों के माध्यम से भारत पर हमले किए, लेकिन मोदी सरकार ने उरी और पुलवामा आतंकी हमलों के बाद दस दिनों के भीतर सर्जिकल और हवाई हमले करके पाकिस्तान को सबक सिखाया।’’
उन्होंने कहा कि अगर आप देश को सुरक्षित करना चाहते हैं तो आपको केंद्र में मोदी सरकार और राज्य में भाजपा सरकार को वोट देना होगा।
शाह ने बदनावर और धार में भारतीय जनता पार्टी का प्रचार किया और मनावर और गंधवानी में रोड शो में हिस्सा लिया।
शाह ने दावा किया कि ‘‘भ्रष्टाचार और वंशवाद की राजनीति के बीज बोने वाली’’ कांग्रेस पार्टी का दिवाली के बाद मध्य प्रदेश से सफाया हो जाएगा।
शाह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने मध्य प्रदेश को बर्बाद कर दिया और इसे बीमारू राज्य में बदल दिया, ‘‘इसे अंधकार के युग में धकेल दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, 18 वर्षों में भाजपा ने राज्य में परिवर्तनकारी परिवर्तन लाया। एक तरफ कांग्रेस का 53 साल का शासन है और दूसरी तरफ भाजपा का 18 साल का शासन है।’’
उन्होंने लोगों से भाजपा को वोट देने का आग्रह करते हुए कहा कि इस बार लोग तीन दिवाली मनाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘पहली रविवार को, दूसरी तीन दिसंबर को, जब विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे; और तीसरी, 22 जनवरी को जब अयोध्या में भगवान राम का अभिषेक होगा।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने 70 साल तक अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में बाधा डाली।
दिमो
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 11, 2023 11:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

