देश की खबरें | मोदी ने राज्यसभा का पुन: उपसभापति चुने जाने पर हरिवंश को दी बधाई
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 14 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा का दोबारा उपसभापति निर्वाचित होने पर जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता एवं सत्तारूढ़ राजग के उम्मीदवार हरिवंश नारायण सिंह को सोमवार को बधाई देते हुए सदन चलाने की उनकी शैली की सराहना की और उम्मीद जताई कि वह उच्च सदन की कार्यवाही संचालित करने के दौरान सभी का ध्यान रखेंगे और किसी से भेदभाव नहीं करेंगे।

इससे पहले हरिवंश को उच्च सदन में सभापति एम वेंकैया नायडू ने ध्वनिमत से उप सभापति निर्वाचित घोषित किया। उनके सामने विपक्ष के साझा उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रीय जनता दल के मनोज कुमार झा खड़े हुए थे।

यह भी पढ़े | Harivansh Narayan Singh Elected Rajya Sabha Deputy Chairman: राज्यसभा के उपसभापति के लिए दूसरी बार चुने गए हरिवंश नारायण सिंह, पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने दी बधाई.

हरिवंश को निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए मोदी ने कहा, ‘‘सामाजिक कार्यों ओर पत्रकारिता की दुनिया में हरिवंश जी ने जो ईमानदार पहचान बनाई है उसको लेकर उनके प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान रहा है। जो सम्मान और अपनापन मेरे मन में है, वह सदन के हर सदस्य के मन में भी है। यह उनकी अपनी कमाई हुई पूंजी है।’’

उन्होंने कहा कि उपसभापति के रूप में पिछले कार्यकाल के दौरान हरिवंश की भूमिका से लोकतंत्र को मजबूती मिली। उन्होंने कहा, ‘‘हरिवंश जी पर सदन ने जो भरोसा जताया था वह हर स्तर पर उन्होंने पूरा किया। हरि सबके होते हैं। वैसे ही सदन के हरि (वंश), न पक्ष के, न विपक्ष के, बल्कि सबके रहेंगे। सबके लिए समान रहेंगे। कोई भेदभाव नहीं करेंगे।’’

यह भी पढ़े | UGC-NET Exam 2020 Postponed: एनटीए ने यूजीसी नेट परीक्षा की तारीखों में किया बदलाव, 24 सितंबर है नई डेट.

मोदी ने कहा कि बतौर उपसभापति हरिवंश ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर भी भारत और भारतीय संसद का मान बढाया।

प्रधानमंत्री ने झा को भी बधाई दी और कहा कि लोकतंत्र की गरिमा के लिए चुनाव महत्वपूर्ण है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)