देश की खबरें | मोदी 56 इंच का सीना होने का दावा करते हैं, लेकिन एफ-35 विमान से जुड़ी घोषणा पर चुप थे: ओवैसी

हैदराबाद, एक मार्च ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 56 इंच का सीना होने का दावा करते हैं, लेकिन भारत को एफ-35 लड़ाकू विमान बेचने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एकपक्षीय तरीके से की गई घोषणा पर चुप्पी साध लेते हैं।

पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर यहां एआईएमआईएम मुख्यालय में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर समाजवादी पार्टी (सपा) नेताओं के खिलाफ उनकी (मुख्यमंत्री की) टिप्पणी को लेकर निशाना साधा।

आदित्यनाथ ने कहा था कि सपा नेता अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में भेजते हैं, लेकिन चाहते हैं कि दूसरों के बच्चे उर्दू सीखें और ‘‘मौलवी’’ बनें।

ओवैसी ने कहा कि उर्दू का विरोध स्वतंत्रता संग्राम के विरोध के समान है।

अमेरिका की हालिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की ट्रंप के साथ हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि ‘‘हम नरेन्द्र मोदी को एफ-35 बेचेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह (ट्रंप) फैसला करेंगे या हम तय करेंगे? हमारे प्रधानमंत्री, जो 56 इंच का सीना होने का दावा करते हैं, वहां चुप थे। हमारे बारे में फैसला करने वाले ट्रंप कौन होते हैं? श्रीमान मोदी। हम तय करेंगे कि हमें एफ-35 चाहिए, यूरोपीय लड़ाकू विमान चाहिए या क्या चाहिए...आपने वहां उनकी बात कैसे सुनी?’’

उप्र के मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए ओवैसी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा इस देश को 'एक , एक धर्म, एक विचारधारा और एक नेता' के अनुसार बनाना चाहती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)