देश की खबरें | मोदी ने बिहार की जीत को विकास के लिए जनता का निर्णायक फैसला बताया, संतुलित विकास का किया वादा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को ‘‘विकास के लिए’’ जनता का निर्णायक फैसला करार दिया और कहा कि 15 साल बाद भी ‘‘सुशासन’’ को फिर से आशीर्वाद मिलना राज्य के सपने और उसकी अपेक्षाओं को दर्शाता है।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 10 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को ‘‘विकास के लिए’’ जनता का निर्णायक फैसला करार दिया और कहा कि 15 साल बाद भी ‘‘सुशासन’’ को फिर से आशीर्वाद मिलना राज्य के सपने और उसकी अपेक्षाओं को दर्शाता है।

उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर राज्य की जनता को हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए समर्पण के साथ काम करने का भरोसा दिया और राजग की जीत के लिए जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections Results 2020 Live News Updates: बिहार के हिलसा सीट से RJD प्रत्याशी शक्ति सिंह की 13 वोट से हार, आरजेडी ने पहले 547 वोट से जीत का किया था दावा.

प्रधानमंत्री ने भाजपा, जनता दल (यूनाइटेड) सहित अन्य सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि बिहार में जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से लोकतंत्र ने एक बार फिर विजय प्राप्त की है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं और बिहार की जनता के प्रति हृदय से आभार प्रकट करता हूं।’’

यह भी पढ़े | Bihar Election Results 2020: पीएम मोदी ने NDA को फिर से मौका देने के लिए बिहार के लोगों का जताया आभार, अमित शाह बोले- देश को गुमराह करने वालों के लिए सबक.

बिहार की जनता को आश्वासन देते हुए मोदी ने कहा कि हर व्यक्ति व हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए राजग पूरे समर्पण से निरंतर काम करता रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के गांव-गरीब, किसान-श्रमिक, व्यापारी-दुकानदार, हर वर्ग ने राजग के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र पर भरोसा जताया है।’’

बिहार की महिलाओं की ओर से किए गए रिकार्ड मतदान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में राज्य की मातृशक्ति को नया आत्मविश्वास देने का राजग को अवसर मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘यह आत्मविश्वास बिहार को आगे बढ़ाने में हमें शक्ति देगा।’’

बिहार के युवाओं का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि यह नया दशक बिहार का होगा और आत्मनिर्भर बिहार उसका रोडमैप है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के युवाओं ने अपने सामर्थ्य और राजग के संकल्प पर भरोसा किया है। इस युवा ऊर्जा से अब राजग को पहले की अपेक्षा और अधिक परिश्रम करने का प्रोत्साहन मिला है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक मतदाता ने साफ-साफ बता दिया कि वह आकांक्षी है और उसकी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ विकास है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में 15 साल बाद भी राजग के सुशासन को फिर आशीर्वाद मिलना यह दिखाता है कि बिहार के सपने क्या हैं, बिहार की अपेक्षाएं क्या हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार ने दुनिया को लोकतंत्र का पहला पाठ पढ़ाया और आज उसने दुनिया को फिर बताया है कि लोकतंत्र को मजबूत कैसे किया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘रिकॉर्ड संख्या में बिहार के गरीब, वंचित और महिलाओं ने वोट भी किया और आज विकास के लिए अपना निर्णायक फैसला भी सुनाया है।’’

बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना में जारी कांटे की टक्कर के बीच राजग को विपक्षी महागठगंधन पर बेहद क्षीण बहुमत प्राप्त होता दिख रहा है। सुबह आठ बजे से जारी वोटों की गिनती के बाद फिलहाल 186 सीटों के परिणाम की घोषणा हुई है जिनमें से राजग के हिस्से में 93 और महागठबंधन को 86 सीटें मिली हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, फिलहाल राजग 31 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले पांच दलों का विपक्षी महागठबंधन 25 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।

रुझान में राजग को 124 सीटों पर बढ़त या जीत हासिल होता दिख रहा है जो 243 सदस्यीय विधानसभा में सामान्य बहुमत के आंकड़े से दो सीट अधिक है। वहीं, विपक्षी महागठबंधन 111 सीटों पर बढ़त या जीत हासिल करता दिख रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\