नयी दिल्ली, एक अप्रैल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार दिल्ली की तर्ज पर दक्षिणी राज्य में मॉडल स्कूल बना रही है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कहा कि काम पूरा होने के बाद वह इन स्कूलों को देखने आएं।
स्टालिन ने केजरीवाल के साथ दिल्ली के एक स्कूल का दौरा किया जहां अधिकारियों ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को आप सरकार के तहत शहर में शिक्षा प्रणाली में बदलाव के बारे में जानकारी दी।
दिल्ली के एक अधिकारी ने स्टालिन को बताया कि दिल्ली सरकार पिछले छह-सात साल से लगातार अपने बजट का करीब 25 फीसदी शिक्षा पर खर्च कर रही है।
उन्होंने कहा, "2014-15 में, सरकारी स्कूलों का 12वीं कक्षा में पास प्रतिशत 88 था, जो निजी स्कूलों से कम था। निजी स्कूलों के 92 प्रतिशत की तुलना में 2019-20 में यह बढ़कर 98 प्रतिशत हो गया।"
स्टालिन ने कहा कि उनकी सरकार दक्षिणी राज्य में दिल्ली की तर्ज पर ही मॉडल स्कूल बना रही है।
उन्होंने कहा, "हम वहां काम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल को आमंत्रित करेंगे। उन्हें आना चाहिए, मैं उन्हें तमिलनाडु के लोगों की ओर से आमंत्रित करता हूं।"
केजरीवाल ने स्टालिन को बताया कि सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को विदेश में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाता है और शिक्षकों को भारतीय प्रबंधन संस्थानों में प्रशिक्षित किया जाता है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने स्टालिन से कहा कि दिल्ली सरकार बच्चों को रटने की जगह वास्तविक शिक्षा की ओर ले जा रही है।
स्टालिन ने जब अंग्रेजी के मामले में सुधार के बारे में पूछा तो केजरीवाल ने उन्हें बताया कि उन्होंने अंग्रेजी में शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए ब्रिटिश काउंसिल और अमेरिकी दूतावास के साथ करार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY