देश की खबरें | गुरुग्राम में भीड़ ने एक घर पर किया पथराव, मकान मालिक ने सांप्रदायिक मामला होने का दावा किया

गुरुग्राम, 10 अगस्त हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सांप्रदायिक तनाव के बीच 10 से अधिक लोगों की भीड़ ने यहां एक गांव में एक व्यक्ति के घर पर कथित रूप से पथराव किया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

घर के मालिक असलम ने अपनी शिकायत में दावा किया कि भीड़ ने इलाके में सांप्रदायिक तनाव भड़काने के लिए उनके घर पर हमला किया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह यहां भोरा कलां गांव में तब हुई, जब भीड़ ने असलम के घर पर कथित तौर पर पथराव किया, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए।

इसने बताया कि परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि जब वे घर से बाहर निकले तो भीड़ ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।

असलम ने कहा, ‘‘बुधवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे मैं अपनी दुकान पर था। मेरी पत्नी ने मुझे फोन किया और कहा कि युवाओं का एक समूह मेरे घर पर पथराव कर रहा है। घर की एक खिड़की का शीशा टूट गया और बालकनी क्षतिग्रस्त हो गई।’’

शिकायत के आधार पर बृहस्पतिवार को यहां बिलासपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 148 (दंगा), धारा 149 (गैरकानूनी रूप से एकत्र होना), धारा 153-ए (धार्मिक आधार पर समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

बिहार के मोतिहारी जिले के मूल निवासी असलम की यहां बिलासपुर चौक पर मैकेनिक की दुकान है और वह पिछले चार वर्षों से अपने परिवार के साथ भोरा कलां में रह रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)