आइजोल, 28 अक्टूबर मिजोरम सरकार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा के मद्देनजर असम के साथ चार नवम्बर को होने वाली सीमा वार्ता को स्थगित करने का प्रस्ताव रखा है। राज्य के गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुर्मू तीन नवंबर को दो-दिवसीय दौरे पर आइजोल पहुंचेंगी। वह मिजोरम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और तीन नवंबर को यहां भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्वोत्तर क्षेत्रीय परिसर का उद्घाटन करेंगी।
राष्ट्रपति अगले दिन यानी चार नवंबर को राज्य विधानसभा को भी संबोधित करेंगी।
गृह विभाग के अतिरिक्त सचिव लालहरियतपुइया ने कहा कि राज्य सरकार ने असम सरकार को पत्र भेजकर चार नवंबर को गुवाहाटी में होने वाली सीमा वार्ता को टालने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति की आगामी यात्रा के मद्देनजर हमने नौ से 11 नवंबर तक सीमा वार्ता आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है। हम असम सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं, जो नयी तारीख तय करेगी।’’
अतिरिक्त सचिव ने कहा कि मिजोरम प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्री लालचमलियाना करेंगे, जिनके साथ भू-राजस्व और बंदोबस्त मंत्री लालरुआतकिमा या वन मंत्री टी.जे. लालनुंटलुआंगा के भी होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में गृह आयुक्त और सचिव एच लालंगमाविया और विभाग के अन्य शीर्ष अधिकारी भी शामिल होंगे।
गृह विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि असम के साथ आगामी बातचीत को 'वास्तविक या महत्वपूर्ण वार्ता' कहा जा सकता है, क्योंकि वास्तविक सीमा मुद्दे पर पहली बार लंबी चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आइजोल में पहले की दो बैठकें सद्भावना मिशन या विश्वास बहाली के उपायों का हिस्सा थीं।
अधिकारी ने कहा कि मिजोरम सरकार ने अपने दावे को आधिकारिक तौर पर असम सरकार को भेज दिया है और बातचीत के दौरान अंतर-राज्यीय सीमा का जमीनी सीमांकन मुख्य विषयों में से एक होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY