देश की खबरें | मिजोरम ने फरवरी में असम के साथ सीमा के संबंध में अपना दावा प्रस्तुत किया : मंत्री

आइजोल, 23 अगस्त मिजोरम के गृह मंत्री लालचामलियाना ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने गांवों की सूची सहित राज्य की सीमा के संबंध में अपना दावा फरवरी में ही असम को सौंप दिया था।

मिजोरम के तीन जिले - आइजोल, कोलासिब और ममित - असम के साथ 164.6 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं। जुलाई 2021 में सीमा विवाद के बाद दोनों राज्य इस जटिल मुद्दे का समाधान खोजने के लिए बातचीत कर रहे हैं।

नवंबर 2022 में गुवाहाटी में हुई आखिरी बैठक में दोनों पक्षों ने फैसला किया कि मिजोरम अपने दावे के समर्थन में तीन महीने के भीतर गांवों की सूची, उनके क्षेत्र, भू-स्थानिक सीमा और अन्य प्रासंगिक जानकारी प्रस्तुत करेगा। फिर किसी समाधान पर पहुंचने के लिए दोनों राज्यों द्वारा क्षेत्रीय समितियों का गठन करके इनकी जांच की जा सकती है।

लालचामलियाना ने विधानसभा को बताया कि मिजोरम सरकार ने अपने क्षेत्र, गांवों और उस क्षेत्र के लोगों के बारे में अपना दावा 13 फरवरी को ही असम को सौंप दिया था।

उन्होंने कहा कि मिजोरम ने असम सरकार को पत्र लिखकर इस पर स्पष्टीकरण का भी अनुरोध किया है और अब भी जवाब का इंतजार कर रहा है।

उन्होंने कहा, सीमा विवाद का समाधान ढूंढने के लिए दोनों राज्यों के बीच अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)