गुवाहाटी/जोरहाट, 23 फरवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा है कि विभिन्न देशों के 60 से अधिक मिशन प्रमुख रविवार से असम की यात्रा पर आएंगे, जिस दौरान वे काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगे, झुमुर नृत्य देखेंगे और एक व्यापार शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
शर्मा ने कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर इस यात्रा के लिए राजदूतों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
इस यात्रा के दौरान, राज्य सरकार यहां के शांतिपूर्ण माहौल को रेखांकित करेगी, ताकि जिन देशों ने राज्य के खिलाफ नकारात्मक यात्रा परामर्श जारी किए हैं, उन्हें इसे वापस लेने के लिए राजी किया जा सके।
गुवाहाटी में संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विदेश मंत्री एस जयशंकर 61 देशों के मिशन प्रमुख और उनमें से लगभग 22 के परिवारों के साथ आज जोरहाट पहुंचेंगे। वे वहां रात्रि विश्राम करेंगे और सोमवार सुबह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगे, जहां वे हाथी और जीप सफारी का आनंद लेंगे।’’
उन्होंने बताया कि इसके बाद प्रतिनिधिमंडल सोमवार शाम 8,500 से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले झुमुर नृत्य को देखने के लिए गुवाहाटी के लिए रवाना होगा और यह मंगलवार को राज्य के इस सबसे बड़े शहर में शुरू होने वाले दो दिवसीय 'एडवांटेज असम 2.0 निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन' में भी भाग लेगा।
शर्मा ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने हाल में असम की यात्रा के खिलाफ अपना परामर्श वापस ले लिया है, सिवाय उन जिलों के जो अभी भी सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम (अफस्पा) के तहत आते हैं।
मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि कई देशों द्वारा जारी नकारात्मक यात्रा परामर्श, निवेशकों और पर्यटकों को आकर्षित करने में बड़ी बाधा है और राज्य सरकार इसे वापस लेने के लिए जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित अन्य देशों से बातचीत कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान सोमवार को आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY