चेन्नई, 30 जून तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि वी. सेंथिल बालाजी को कैबिनेट में मंत्री बनाए रखना प्रवर्तन निदेशालय की जांच से उनके बचाव के लिए ढाल है।
अन्नाद्रमुक ने दोहराया कि मंत्री सेंथिल बालाजी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मामले और संबंधित जांच के मद्देनजर मंत्रिमंडल से हटा दिया जाना चाहिए।
यहां पत्रकारों से बातचीत में अन्नाद्रमुक के नेता व पूर्व मंत्री डी. जयकुमार ने जानना चाहा कि आखिर ऐसी क्या बात है जो जेल में बंद होने के बावजूद सेंथिल बालाजी को मंत्रिमंडल से हटाने से रोक रही है।
उन्होंने सवाल किया कि सेंथिल बालाजी ने मंत्रिपद पर बने रहने का अपना नैतिक अधिकार खो दिया है और वह मंत्रिमंडल में कैसे बने रह सकते हैं?
उन्होंने सवाल किया कि ‘‘कर दाताओं का धन क्यों बर्बाद किया जाना चाहिए’’ जबकि मंत्री के पास कोई प्रभार या काम नहीं है।
जयकुमार ने आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार ईडी की जांच से सेंथिल बालाजी को बचाने के लिए मंत्रिपद का उपयोग ढाल की तरह कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY