देश की खबरें | मिनी बस दुर्घटनाग्रस्‍त, दो विदेशी पर्यटक घायल

मथुरा (उत्तर प्रदेश), 24 सितम्बर उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा जा रही विदेशी सैलानियों की एक मिनी बस शनिवार सुबह आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इस घटना में चालक एवं दो ईरानी महिला पर्यटक घायल हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घायलों को मथुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया कि यह हादसा सुरीर कोतवाली क्षेत्र में हुआ । उन्होंने बताया कि दिल्ली से आगरा के ताजमहल आदि पर्यटन स्थलों पर भ्रमण के लिए करीब डेढ़ दर्जन विदेशी सैलानियों की मिनी बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि घायल दो ईरानी महिला सैलानियों की पहचान आफिया (35) और इलहान (30) के तौर पर की गयी है ।

टोल चौकी प्रभारी रजत दुबे ने बताया कि मिनी बस में कुल 17 विदेशी पर्यटक सवार थे, जो ताजमहल व अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करने के लिए आगरा जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह करीब पांच बजे हुयी और ऐसा लगता है कि उस समय चालक को झपकी आ गई जिसके चलते यह हादसा हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)