छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में प्रवासी कामगार ने पृथकवास केंद्र में फांसी लगा आत्महत्या की
बालोद जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत परसवानी गांव में सूरज यदु (27 वर्ष) नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
बालोद (छत्तीसगढ़), 18 मई छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पृथकवास केंद्र में गुजरात से वापस आए मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बालोद जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत परसवानी गांव में सूरज यदु (27 वर्ष) नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि यदु रविवार को गुजरात से अपने गांव परसवानी लौटा और आज फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
अधिकारियों ने बताया कि यदु जब गुजरात से वापस लौटा तब उसे गांव के शाला भवन में बने पृथकवास केंद्र में ठहराया गया था। यदु को 14 दिनों तक पृथकवास केंद्र में रहने के बाद गांव में अपने घर जाना था। उसमें कोरोना वायरस से संक्रमण का लक्षण नहीं था लेकिन बचाव के लिए उसके नमूने को जांच के लिए भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को जब लोगों ने यदु को छत से फांसी पर लटका हुआ देखा तब इसकी सूचना वहां मौजूद अधिकारियों को दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि आत्महत्या के वजहों का पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा प्रकरण की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भी इस महीने की 13 तारीख को एक प्रवासी मजदूर ने पृथकवास केंद्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 08:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

