जम्मू, 11 जून जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में निरीक्षण के दौरान एक दवा के 110 स्ट्रिप (पत्ते) बरामद होने के बाद एक थोक औषधि दुकान को सील कर दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि दुकान के दोनों मालिकों को हिरासत में लिया गया। वे दोनों भाई हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस और औषधि एवं खाद्य नियंत्रण संगठन की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को कस्बे में दवाओं का थोक कारोबार करने वाली दुकान पर छापा मारा।
अधिकारी ने बताया, “परिसर के निरीक्षण और सत्यापन के दौरान दवा (टपेंडाडोल) की 110 स्ट्रिप बरामद की गई, जिसकी खरीद-बिक्री का विवरण उपलब्ध नहीं रहने के चलते उनका दुरुपयोग किये जाने का संदेह बढ़ गया है।”
उन्होंने बताया कि इसे संज्ञान में लेते हुए देश के कानून के तहत दवा दुकान को सील कर दिया गया और इसके मालिकों को हिरासत में ले लिया गया।
राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतपाल सिंह ने बताया कि कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए गए अभियान के बाद की गई।
उन्होंने बताया, “नशे के खिलाफ लड़ाई सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और युवाओं को नशे की लत लगाने वालों के खिलाप सख्त कार्रवाई की जा रही है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY