देश की खबरें | मीडिया को लोकतंत्र के जिम्मेदार स्तंभ के रूप में कार्य करना चाहिए : अनुराग ठाकुर

नयी दिल्ली, 16 नवंबर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऐसे कुछ ‘‘व्यक्ति और मीडिया संस्थान’’ हैं जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार करते हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मीडिया को लोकतंत्र के एक जिम्मेदार स्तंभ के रूप में कार्य करना चाहिए और फर्जी विमर्श को सामने लाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ऐसे विमर्श को चुनौती देना, झूठ को उजागर करना और यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि सच्चाई कायम रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे राष्ट्र के हितों की रक्षा करना और भारत विरोधी ऐसे विचारों को जगह देने से बचना आवश्यक है, जो हमारी एकता और अखंडता को खतरे में डाल सकते हैं।’’

मंत्री यहां राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

ठाकुर ने कहा, ‘‘भले ही हम प्रेस की स्वतंत्रता का जश्न मनाते हैं लेकिन हम उन लोगों से आंखें नहीं मूंद सकते जो हमारे राष्ट्र की भावना को कमजोर करना चाहते हैं। ऐसे व्यक्ति और मीडिया संस्थान भी हैं जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार भारत के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाते हैं।’’

मंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में जहां प्रौद्योगिकी सूचना प्रसारित करने के तरीके को आकार देती है, मीडिया के लिए सतर्क रहना अनिवार्य हो जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम एक ऐसी दुनिया में रहते हैं, जहां एक बटन दबाने से गलत सूचना का प्रसार किया जा सकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)