देश की खबरें | मायावती ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ बीआरएस पर निशाना साधा

हैदराबाद, सात मई बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि अगले विधानसभा चुनाव में तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार को सत्ता से हटाया जाये।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य में बसपा की अगुवाई वाली सरकार बनाने की दिशा में प्रयास करने की अपील की।

मायावती ने यह भी घोषणा की कि यदि पार्टी को सरकार बनाने का मौका मिलता है तो पूर्व भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी और बसपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष आर. एस. प्रवीण कुमार मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।

यहां आज शाम ‘तेलंगाना भरोसा सभा’ को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से राज्य से 2024 के लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए काम करने का अनुरोध किया।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा, ‘‘अब आपको यह सुनिश्चित करना है कि तेलंगाना में इस मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर किया जाना चाहिए...जो लोग संविधान को बदलने का सपना देख रहे हैं, उन्हें बाहर किया जाना चाहिए और आपको बसपा को सत्ता में लाने के लिए काम करना होगा।’’

सत्तारूढ़ बीआरएस पर निशाना साधते हुए मायावती ने आरोप लगाया, ‘‘यहां की राज्य सरकार आपको (लोगों को) गुमराह करने की कोशिश कर रही है लेकिन आपको उनके झांसे में नहीं आना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)