देश की खबरें | दिल्ली में नकाबपोश बदमाशों ने आभूषण की दुकान में लूटपाट की

नयी दिल्ली, 24 सितंबर दिल्ली के रोहिणी इलाके में चार नकाबपोश बदमाशों ने आभूषण की एक दुकान में कथित रूप से लूटपाट की है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, पीतमपुरा के रहने वाले 48 वर्षीय दुकान के मालिक ने विजय नगर थाने में दर्ज कराई अपनी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार को हुई बिक्री का हिसाब लगा रहे थे कि तभी शाम करीब सात बजे हेलमेट और मास्क लगाया हुआ एक व्यक्ति दुकान में आया। उन्होंने बताया कि उसके बाद तीन अन्य नकाबपोश व्यक्ति भी दुकान में घुस आए।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने दावा किया कि घबराकर उन्होंने खुद को दुकान के लॉकर कक्ष में बंद कर लिया।

उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद दुकान पर काम करने वाले बजरंग ने दरवाजा खटखटाया और पीड़ित को जानकारी दी कि आरोपी सोना-चांदी, 75 हजार रुपये व अन्य मूल्यवान चीजें ले गए हैं।

पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, वे आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रहे हैं। हालांकि अभी तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)