देश की खबरें | गुरुग्राम में नकाबपोश लोगों ने मकान पर फेंके पत्थर, कोई घायल नहीं

गुरुग्राम, सात अगस्त गुरुग्राम में मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश लोगों ने एक घर पर पत्थर मारे और मौके से फरार हो गए, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-नौ की देवीलाल कॉलोनी में स्थित इश्तिकार अहमद के घर पर रविवार रात को हुए इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ है। घटना, पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

पुलिस इस घटना को गुरुग्राम जिले में सांप्रदायिक हिंसा से जोड़कर नहीं देख रही है। गुरुग्राम से सटे नूंह में 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद के एक जुलूस पर हमले के बाद यहां हिंसक घटनाएं हुई थीं।

पुलिस ने बताया कि तीन नकाबपोश लोगों ने रविवार रात करीब 11:30 बजे इश्तिकार के घर पर उस वक्त पत्थर मारे, जब परिवार सो रहा था। घटना में घर की कुछ खिड़कियों के शीशे टूट गए। कुछ पत्थर मकान के अंदर भी जा गिरे, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ है।

इश्तिकार द्वारा दर्ज एक शिकायत के मुताबिक, नकाबपोश लोगों ने उसके सामने वाले घर भी पत्थर मारे थे।

पुलिस ने बताया कि बदमाश फिरोज गांधी कॉलोनी की ओर भागे थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इश्तिकार की शिकायत के आधार सेक्टर नौ ए पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया, ''ऐसा संभव है कि आरोपी नशे में थे। हम उन्हें जल्द गिरफ्तार करेंगे।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)