जरुरी जानकारी | मारुति ने ‘ग्रांड विटारा’ से उठाया पर्दा, मध्यम आकार की एसयूवी श्रेणी को साधने की तैयारी

नयी दिल्ली, 20 जुलाई देश की प्रमुख कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने मध्यम आकार की एसयूवी श्रेणी में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को अपनी नयी कार ‘ग्रांड विटारा’ से पर्दा उठाया है।

कंपनी ने बताया कि यह कार मजबूत और माइल्ड हाइब्रिड तकनीक के साथ 1.5 लीटर के पेट्रोल पावरट्रेन इंजन में आएगी।

मारुति की ग्रांड विटारा का घरेलू बाजार में हुंदै की क्रेटा, किआ की सेल्टोस और टाटा हैरियर जैसे गाड़ियों से सीधा मुकाबला हैं।

इस पेशकश के साथ मारुति सुजुकी मध्यम आकार की एसयूवी श्रेणी में अपनी उपस्थिति को बढ़ाने की योजना बना रही है। कंपनी इस श्रेणी में अन्य कंपनियों के मुकाबले फिलहाल पीछे है।

मारुति के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिसाशी ताकेयूची ने विटारा को पेश करने के मौके पर कहा की भारतीय वाहन उद्योग प्रौद्योगिकी, ग्राहक वरीयताओं और क्रय शक्ति के मामले में बदलावों के दौर से गुजर रहा है।

ताकेयूची ने दावा किया कि विटारा एक लीटर पेट्रोल में 27.97 किलोमीटर चली सकती है, जो इसे देश की सबसे अधिक ईंधन कुशल एसयूवी बनाती है।

इसके अलावा मारुति के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक (विपणन और बिक्री) शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि घरेलू बाजार में बड़ी गाड़ियों के लिए रुचि बढ़ रही है।

श्रीवास्तव ने -पीटीआई के साथ बातचीत में कहा, ‘‘हर श्रेणी में हर तरह ग्राहक के लिए एक आदर्श कार जरूर होती है। मध्यम एसयूवी श्रेणी में ग्राहकों के लिए ग्रांड विटारा पूरी तरह से एक आदर्श कार है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)