जरुरी जानकारी | मारुति सुजुकी ने एसयूवी ब्रेजा का नया संस्करण पेश किया, कीमत 7.99 लाख रुपये से शुरू

नयी दिल्ली, 30 जून कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बृहस्पतिवार को अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा का नया संस्करण पेश किया। इसकी शुरुआती शोरूम कीमत 7.99 लाख रुपये है।

दूसरी पीढ़ी की ब्रेजा ‘मैनुअल’ और ‘ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन’ विकल्पों में उपलब्ध होगी। इसकी कीमत 7.99 लाख रुपये से 13.96 लाख रुपये है।

मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेयूची ने ब्रेजा पेश किये जाने कार्यक्रम के दौरान कहा, "पिछले आठ महीनों में यह कंपनी की छठी पेशकश है। यह भारतीय बाजार में हमारे विश्वास को दर्शाता है।"

ताकेयूची ने कहा, "यह हमारा ऐसा पहला मॉडल था जिसे विशेष रूप से भारत के लिए डिजाइन और विकसित किया गया था।" मारुति सुजुकी ने मार्च, 2016 में ब्रेजा के साथ कॉम्पैक्ट एसयूवी खंड में प्रवेश किया था।

कंपनी ने इसके बाजार में उतरने के बाद से छह साल में 7.5 लाख से अधिक इकाइयां बेची है।

उन्होंने कहा, "... कंपनी ने ग्राहकों की अपेक्षाओं से प्रेरित होकर मॉडल को फिर से डिजाइन किया है।"

नई ब्रेजा ऐसे समय आई है जब मारुति सुजुकी को दक्षिण कोरियाई कार विनिर्माता हुंदै और किआ खंड में क्रमश: अपने वेन्यू और सोनेट के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।

नई ब्रेजा नए जमाने की तकनीक और ‘कनेक्टेड’ सुविधाओं से लैस है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)