एजेंसी न्यूज

Sensex Update: सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 93,000 करोड़ रुपये घटा

स्थानीय शेयर बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में पिछले सप्ताह सामूहिक रूप से 93,357.52 करोड़ रुपये की गिरावट आई.

Sensex Update: सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 93,000 करोड़ रुपये घटा
Bombay Stock Exchange | PTI

नयी दिल्ली, 16 मार्च : स्थानीय शेयर बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में पिछले सप्ताह सामूहिक रूप से 93,357.52 करोड़ रुपये की गिरावट आई. सबसे अधिक नुकसान सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों इन्फोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को हुआ. बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 503.67 अंक या 0.68 प्रतिशत नीचे आया. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 155.3 अंक या 0.69 प्रतिशत का नुकसान रहा. होली के अवसर पर शुक्रवार को शेयर बाजार बंद थे.

समीक्षाधीन सप्ताह में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार मूल्यांकन में गिरावट आई. वहीं आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण चढ़ गया. इन पांच कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में सामूहिक रूप से 49,833.62 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. समीक्षाधीन सप्ताह में इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 44,226.62 करोड़ रुपये घटकर 6,55,820.48 करोड़ रुपये रह गया. टीसीएस का मूल्यांकन 35,800.98 करोड़ रुपये घटकर 12,70,798.97 करोड़ रुपये पर आ गया. शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में यह खिसक कर तीसरे स्थान पर आ गई. हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 6,567.11 करोड़ रुपये घटकर 5,11,235.81 करोड़ रुपये रह गई. एसबीआई का मूल्यांकन 4,462.31 करोड़ रुपये घटकर 6,49,489.22 करोड़ रुपये रह गया. रिलायंस इंडस्ट्रीज के मूल्यांकन में 2,300.50 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह घटकर 16,88,028.20 करोड़ रुपये पर आ गया.

इस रुख के उलट आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 25,459.16 करोड़ रुपये बढ़कर 8,83,202.19 करोड़ रुपये हो गई. एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 12,591.60 करोड़ रुपये बढ़कर 13,05,169.99 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 10,073.34 करोड़ रुपये बढ़कर 5,15,366.68 करोड़ रुपये हो गया. बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन 911.22 करोड़ रुपये बढ़कर 5,21,892.47 करोड़ रुपये पर और भारती एयरटेल का 798.30 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 9,31,068.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही. उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 16, 2025 11:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).