देश की खबरें | बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दिखाई जाएगी मराठी फिल्म 'आत्मापैम्फलेट'

मुंबई, 19 जनवरी लोकप्रिय मराठी फिल्म 'आत्मापैम्फलेट' अगले महीने आयोजित होने वाले 73वें बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दिखाई जाएगी।

इस फिल्म का निर्माण फिल्मकार आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस ने किया है जबकि इसका निर्देशन आशीष अविनाश बेंदे ने किया है।

'आत्मापैम्फलेट' की पटकथा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित लेखक परेश मोकाशी ने लिखी है। इस मराठी फिल्म को ‘‘जेनरेशन 14 प्लस’’ प्रतियोगिता की श्रेणी में चुना गया है।

‘‘तुम्बाड’’, ‘‘शुभ मंगल सावधान’’ और ‘‘हसीन दिलरुबा’’ जैसी फिल्मों का निर्माण करने वाले आनंद एल राय ने कहा कि वह इस उत्सव के माध्यम से वैश्विक स्तर पर मराठी सिनेमा का प्रतिनिधित्व होने से अभिभूत हैं।

आनंद एल राय ने एक बयान में कहा, ‘‘क्षेत्रीय फिल्मों को वैश्विक होते हुए और विशेष रूप से प्रतिष्ठित बर्लिन फिल्म समारोह में अपनी जगह पाते हुए देखना बहुत अच्छा लग रहा है। 'आत्मापैम्फलेट' का हिस्सा बनना एक शानदार अनुभव है। यह हमारे प्रोडक्शन हाउस कलर येलो प्रोडक्शंस के लिए एक खास फिल्म है। ’’

फिल्म के निर्देशक आशीष अविनाश बेंदे ने कहा कि वह अपनी पहली फिल्म को एक प्रतिष्ठित फिल्म समारोह में प्रदर्शन के लिए चुने जाने से बेहद रोमांचित हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)