जरुरी जानकारी | कई विभागों में पीएलआई आवेदनों को तिमाही आधार पर लेना शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत प्रोत्साहन राशि के वितरण के लिए कई मंत्रालयों ने तिमाही आधार पर आवेदन स्वीकार करना शुरू कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 18 जून उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत प्रोत्साहन राशि के वितरण के लिए कई मंत्रालयों ने तिमाही आधार पर आवेदन स्वीकार करना शुरू कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने अन्य विभागों को भी पीएलआई योजनाओं से संबंधित दावों के त्वरित निपटान के लिए इसी प्रक्रिया को अपनाने का सुझाव दिया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘कई विभागों में हमने तिमाही आवेदन स्वीकार करना शुरू कर दिया है। अन्य विभागों को भी हम ऐसा करने के लिए कह रहे हैं। सिर्फ खाद्य प्रसंस्करण जैसे विभागों में कम संख्या को देखते हुए इससे छूट दी गई है।’’
यह घटनाक्रम इस लिहाज से अहम है कि पीएलआई लाभार्थियों के कुछ तबकों ने विभागों से प्रोत्साहन दावों का समय पर वितरण करने का अनुरोध किया है।
सरकार ने दूरसंचार, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों, कपड़ा, चिकित्सा उपकरणों के विनिर्माण, वाहन, विशेष इस्पात, खाद्य उत्पाद, उच्च दक्षता वाले सौर पीवी मॉड्यूल, उन्नत रसायन सेल बैटरी, ड्रोन और दवाओं सहित 14 क्षेत्रों के लिए 2021 में पीएलआई योजना की घोषणा की थी। इसके लिए 1.97 लाख करोड़ रुपये का परिव्यय तय किया गया था।
अब तक पीएलआई लाभार्थियों को सिर्फ 9,700 करोड़ रुपये की ही प्रोत्साहन राशि वितरित की गई है जो कि कुल अनुमान का महज पांच प्रतिशत है।
अधिकारी ने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में यह आंकड़ा 6,800 करोड़ रुपये था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2024 07:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

