नयी दिल्ली, 22 मई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया स्विट्जरलैंड के जिनेवा में चल रही विश्व स्वास्थ्य सभा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
रविवार से शुरू हुई 76वीं विश्व स्वास्थ्य सभा 30 मई को संपन्न होगी।
इस संबंध में एक बयान में कहा गया कि सभा के प्रमुख एजेंडे में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, लोक स्वास्थ्य आपात स्थिति, स्वास्थ्य व कल्याण और अधिक प्रभावी व कुशल विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुद्दों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श शामिल है।
बयान में कहा गया कि इसके अलावा वैश्विक स्वास्थ्य संरचना के निर्माण के लिए वैश्विक सहयोग व साझेदारी के महत्व और सामूहिक रूप से मूल्य-आधारित स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज को हासिल करने के प्रयास पर जोर देना है।
इसमें कहा गया कि स्वस्थ विश्व के लिए भारत की प्रतिबद्धता के अनुरूप केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री 'हील इन इंडिया एंड हील बाय इंडिया' के साथ-साथ 'टीबी के खिलाफ एकजुटता के साथ लड़ाई' विषय पर आयोजित कार्यक्रमों में अपना मुख्य भाषण देंगे।
बयान के अनुसार, इसमें मांडविया चिकित्सा मूल्य यात्रा के क्षेत्र में भारत के योगदान और साल 2025 तक भारत से तपेदिक को समाप्त करने को लेकर भारत के संकल्प का भी उल्लेख करेंगे।
इसमें कहा गया कि 24 मई, 2023 तक अपने प्रवास के दौरान मांडविया प्रतिभागी राष्ट्रों के बीच स्वास्थ्य सेवा से संबंधित सहयोग के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे और मीडिया वार्ता में भी शामिल होंगे।
बयान के अनुसार, इन द्विपक्षीय बैठकों में सिंगापुर, फ्रांस, नीदरलैंड, अमेरिका, बांग्लादेश, अर्जेंटीना, ब्राजील, कतर और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, चीन और दक्षिण अफ्रीका) के प्रतिनिधियों के साथ एक बहुपक्षीय बैठक भी निर्धारित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY