इम्फाल, 16 अप्रैल मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए छह और मंत्रियों को शामिल किया।
नये कैबिनेट मंत्रियों में भाजपा विधायक लेत्पाओ हाओक्पी, सपम रंजन सिंह, टी. बसंत सिंह, एल सुसिन्द्रो मेतेई और एच. डिंगो सिंह तथा नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के चिंगाई विधायक खासिम वशुम शामिल हैं।
राज्यपाल ला गणेशन ने यहां राजभवन में इन सभी को शपथ दिलाई। हालांकि उनके विभागों की घोषणा अभी नहीं की गयी है।
भाजपा के राज्य में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के बाद गत 21 मार्च को सिंह एवं उनके पांच सहयोगियों ने मंत्री पद की शपथ ली थी।
हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा को 32 सीट मिली थी, जबकि एनपीएफ ने पांच सीट पर कब्जा किया था। बीरेन सिंह सरकार को एनपीएफ, जद यू, कुकी पीपुल्स अलायंस (केपीए) और निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है।
साठ सदस्यीय राज्य विधानसभा में पांच सीट जीतने वाली कांग्रेस एक मात्र विपक्षी दल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY