देश की खबरें | विकास के लिये राजग को जनादेश दें : नड्डा की लोगों से अपील
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

गया, 11 अक्तूबर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बिहार चुनाव में लोगों से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को जनादेश देने की अपील करते हुए रविवार को कहा कि चुनाव दोस्ती-यारी, जाति-बिरादरी या अपने-पराए का नहीं होता बल्कि चुनाव समाज के विकास से जुड़ा होता है, ऐसे में लोग विकास के लिये मतदान करें ।

गया के गांधी मैदान में एक रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘ कांग्रेस पार्टी जाति और मजहब के आधार पर वोट बैंक की राजनीति करती थी। मोदी जी ने और नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति की संस्कृति बदल डाली है । नरेन्द्र मोदी ने सरकार के काम के रिपोर्ट कार्ड के आधार पर जनता के बीच जाने की संस्कृति शुरू की है ।’’

यह भी पढ़े | नई दिल्ली: राज्य में भीख मांगने वालों पर लगेगी रोक, भिखारियों के पुनर्वास की योजना.

उन्होंने कहा कि जब हम विकास की बात करते हैं और विकास की दृष्टि से बिहार को देखते हैं तो पहले के बिहार और आज के बिहार में काफी अंतर है ।

अपने संबोधन के दौरान जे पी नड्डा ने लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि कारोबारियों के प्रदेश छोड़ने सहित उस दौर में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति थी ।

यह भी पढ़े | वायु प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन करने के लिए NCRTC पर 50 लाख रुपये जुर्माना: राज्य पर्यावरण मंत्री गोपाल राय.

उन्होंने कहा कि याद करें उस दौर को जब शाम होने के बाद लोग सुरक्षित महसूस नहीं करते थे ।

राजग को जनादेश देने की अपील करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ देश का नेतृत्व नरेन्द्र मोदी जी के हाथ में सुरक्षित है, आवश्यकता इस बात की है कि बिहार का नेतृत्व नीतीश जी के हाथ में सुरक्षित हो। हम सबको मिलकर ये तय करना है कि बिहार में एनडीए की सरकार बनाएंगे । ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ बिहार में विकास के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं। इस विकास को जारी रखना ये हमारी और आपकी जिम्मेदारी है।’’

नड्डा ने कहा कि आज राज्य में विकास की नई झड़ी लगी है और हमें देश के नौजवानों को रोजगार देना है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है ।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ हमारी विकास यात्रा अंत्योदय से शुरू हुई है। उज्ज्वला स्कीम से बहुत लोगों को फायदा मिला है।’’

उन्होंने 2015 विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1.25 लाख करोड़ रू के पैकेज का जिक्र किया और आंकड़ों सहित पैकेज पर सरकार द्वारा किये गए कार्यो का उल्लेख किया ।

इससे पहले सुबह नड्डा कदमकुआं स्थित जेपी के आवास गए और जेपी की जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। नड्डा ने कहा कि उनके बताए आदर्शों और मूल्यों पर चलना ही हमारा संकल्प हैं।

गया में गांधी मैदान में कार्यकर्ताओं को मास्क उपलब्ध कराए गए थे लेकिन कई लोग बिना मास्क लगाए भी दिखे । आम लोगों की दीर्घा में लोग पास पास रखी कुर्सियों पर बैठे थे। हालांकि मंच से बार बार लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने की घोषणाएं की जा रही थी ।

बड़ी संख्‍या में महिलाएं भी मास्‍क लगाकर पहुंची । काफी महिलओं ने गेरूआ रंग के कपड़े का मास्क लगाया हुआ था जिस पर भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल का चित्र अंकित था ।

चुनावी सभा में बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, जदयू के वरिष्ठ नेता सह राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह सहित गया की 10 विधानसभा सीटों पर राजग के उम्मीदवार मौजूद थे ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)