नयी दिल्ली, 14 सितंबर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ‘लोडर’ के तौर पर कार्यरत एक व्यक्ति को यात्रियों के बैग से कीमती सामान चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यात्रियों के सामान विमान में चढ़ाने का काम करने वाले को ‘लोडर’ कहा जाता है।
पुलिस के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ कनाडा के हैलिफ़ैक्स जा रहा था और वे एक एयरलाइन से व्हीलचेयर की सहायता ले रहे थे। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने कहा कि वह कनाडा में अपने बेटे को उपहार देने के लिए अपने सामान में आईफोन प्रो मैक्स ले जा रहा था।
पुलिस उपायुक्त (आईजीआई एयरपोर्ट) देवेश कुमार माहला ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब वह जांच प्रक्रिया के दौरान उक्त फोन अपने बैग में रख रहा था, तो व्हीलचेयर के माध्यम से उनकी सहायता करने वाला व्यक्ति उन्हें ऐसा करते हुए देख रहा था। माहला ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जब वह कनाडा पहुंचा और सामान प्राप्त किया, तो उसे एहसास हुआ कि बैग का ताला खुला हुआ था और आईफोन गायब था।
उपायुक्त ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और उक्त पाली में काम करने वाले सभी ‘लोडर’ से पूछताछ की। डीसीपी ने कहा कि बाद में बीडब्ल्यूएफएस के एक लोडर ने चोरी की बात कबूल कर ली जिसकी पहचान कुतुब विहार निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि पूछताछ करने पर उसने खुलासा किया कि उसने पहले भी कई यात्रियों के बैग से कई सामान चुराए हैं और विभिन्न एयरलाइन के विभिन्न कर्मचारियों ने उसे ऐसा करने में मदद की है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि एयरलाइन नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा समय समय पर जारी दिशानिर्देशों का पालन नहीं कर रही हैं।
पुलिस ने बताया कि इसमें प्रमुख रूप से दो एयरलाइन के अधिकारियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने कहा कि एयरलाइन में चोरी की ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित एयरलाइन के जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से आईफोन के अलावा 13 महंगी कलाई घड़ियां भी बरामद की गईं।
पुलिस के मुताबिक, 2023 में अब तक सामान चोरी में शामिल 25 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे बड़े पैमाने पर बरामदगी की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY