विदेश की खबरें | लंदन में भारतीय मूल की छात्रा की हत्या के आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, दो जुलाई भारतीय मूल की छात्रा सबिता थानवानी (19) की पिछले साल मार्च में उत्तरी लंदन के क्लर्कनवेल इलाके में हुई हत्या के बाद इस मामले में आरोपित किये गए उसके पुरुष मित्र ने अपना अपराध अदालत में स्वीकार कर लिया है।

ट्यूनीशियाई नागरिक एवं आरोपी मैहर मारौफे (23) ने शुक्रवार को यहां ओल्ड बेली कोर्ट में सुनवाई के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया। उसे सितंबर में सजा सुनाई जाएगी।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया गया कि पिछले साल 19 मार्च को थानवानी का शव छात्रावास के उसके कमरे में चादर से ढंका हुआ पाया गया था। उसका गला रेता हुआ था।

अदालत की रिपोर्ट के अनुसार, अभियोजन पक्ष ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। इसमें बताया गया है कि घटना के वक्त वे दोनों छात्रावास में थे, तभी पड़ोस में रहने वाले एक छात्र ने उनके कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनीं और आपातकालीन सेवाओं को फोन किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, पोस्टमार्टम जांच में पता चला कि थानवानी की मौत का कारण गर्दन पर धारदार हथियार से हुआ वार है।

अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले संदिग्ध इमारत से जा चुका था। पुलिस ने मारौफे को पकड़ने के लिए तत्काल तलाश अभियान शुरू किया और कुछ दिनों बाद उस पर हत्या का आरोप लगाया गया।

इस सप्ताह की सुनवाई में आरोपी उच्च सुरक्षा वाले मनोरोग अस्पताल ब्रॉडमूर से वीडियो लिंक के माध्यम से सुनवाई के लिये उपस्थित हुए और अभियोजन पक्ष ने हत्या की याचिका स्वीकार कर ली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)