कोलकाता, चार अगस्त पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के उस फैसले की सराहना की, जिसमें ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई है।
इससे गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाली की खबर से खुश हूं। यह हमारी मातृभूमि के लिए एकजुट होकर लड़ने और जीतने के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के संकल्प को और मजबूत करेगा। न्यायपालिका की जीत।’’
वहीं, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के ट्वीट को साझा करते हुए कहा, ‘‘नैतिक ब्रह्मांड का चक्र लंबा है लेकिन यह न्याय की ओर झुकता है।’’
उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल करने का मार्ग प्रशस्त करते हुए ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में 2019 में उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मानहानि मामले में शुक्रवार को उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी।
लोकसभा अध्यक्ष अब उनकी सदस्यता बहाल कर सकते हैं या राहुल गांधी शीर्ष अदालत के आदेश के परिप्रेक्ष्य में एक सांसद के रूप में अपनी सदस्यता बहाल करने की अपील कर सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY