मुंबई, 30 अगस्त पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन से मुंबई स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की 31 अगस्त और एक सितंबर को होने वाली दो दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंचने के तुरंत बाद बनर्जी, अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित आवास पर पहुंचीं।
अमिताभ, पिछले साल कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्धघाटन समारोह में शामिल हुए थे, जहां बनर्जी ने उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग की थी।
अमिताभ और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अभिनेता को कोलकाता आने का आमंत्रण दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘अमित जी हमारे भारत रत्न हैं। उनके परिवार ने भी फिल्म उद्योग जगत में बहुत बड़ा योगदान दिया है।'' बनर्जी ने कहा, ‘‘आज मैंने अमित जी को राखी बांधी। आज बड़ा दिन है।’’
यह पूछे जाने पर कि ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा, बनर्जी ने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिक चिंता देश को बचाना है।’’
उन्होंने रक्षा बंधन के मौके पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दीं।
जितेंद्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY