जरुरी जानकारी | मामाअर्थ की परिचालक होनासा कंज्यूमर ने सेबी के पास आईपीओ दस्तावेज जमा कराए

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर नये दौर के रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाले (एफएमसीजी) ब्रांड मामाअर्थ और द डर्मा कंपनी की मालिक होनासा कंज्यूमर प्राइवेट लिमिटेड (एचसीपीएल) ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये पूंजी जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास शुरुआती दस्तावेज जमा कराये हैं।

दस्तावेजों के अनुसार, आईपीओ में 400 करोड़ रुपये के नये शेयर जारी किये जायेंगे। इसके अलावा प्रवर्तकों, निवेशकों और अन्य शेयरधारकों द्वारा 4,68,19,635 शेयरों का बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी।

निर्गम में पात्र कर्मियों के 10 करोड़ रुपये तक के शेयर आरक्षित रहेंगे।

दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी 80 करोड़ रुपये के आईपीओ-पूर्व नियोजन पर भी विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो मूल निर्गम का आकार घट जायेगा।

निर्गम से जुटायी राशि का उपयोग जागरूकता और ब्रांड दृश्यता में सुधार, नये विशिष्ट ब्रांड आउटलेट की स्थापना, अनुषंगी कंपनी बीब्लंट में निवेश और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।

कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)