खेल की खबरें | मलेशिया ने चीन को 5-1 से रौंद कर जारी रखा जीत का क्रम

चेन्नई, चार अगस्त मलेशिया ने 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में अपना विजयी क्रम जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में चीन पर 5-1 की शानदार जीत दर्ज की।

चोंगकोंग चेन ने मैदानी गोल कर मैच के चौथे मिनट में चीन को बढ़त दिला दी।

मलेशिया को हालांकि वापसी करने में अधिक समय नहीं लगा।  फैजल सारी ने इसके सात मिनट के बाद पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया।

मैच के 15वें मिनट में अबू कमाल अजराई ने दूसरे कॉर्नर को गोल में बदल कर मलेशिया को फिर से आगे कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रही। अजराई ने तीसरे क्वार्टर के आखिर (45वें मिनट) में मैदानी गोल के जरिए मलेशिया की बढ़त को दोगुना कर दिया।

आखिरी क्वार्टर में मैच 49वें मिनट में फिरहान अशारी के मैदानी गोल से मलेशियाई टीम के लिए स्कोर 4-1 किया, जबकि 57वें मिनट में नजमी जजलान ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए स्कोर 5-1 कर दिया।

इस जीत के साथ मलेशिया छह अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है और उसका अगला मुकाबला भारत से है।

चीन का मुकाबला गत चैंपियन दक्षिण कोरिया से होगा। वह अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाने के बाद तालिका में आखिरी पायदान पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)