मुंबई, दो जुलाई महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत सरकार में उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद ऐसा पहली बार है, जब राज्य में दो उपमुख्यमंत्री होंगे।
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस भी महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं।
अजित पवार ने रविवार को पांचवीं बार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि उनके आठ सहयोगियों को एकनाथ शिंदे सरकार में मंत्री के रूप में शामिल किया गया।
शिंदे ने पिछले साल 30 जून को भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से सरकार बनाई थी, जिसके वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता रत्नाकर महाजन ने कहा कि महाराष्ट्र में पहली बार उपमुख्यमंत्री पद तब बनाया गया था, जब राज्य में कांग्रेस (ओ) और कांग्रेस (इंदिरा) की सरकार थी।
वसंतदादा पाटिल कांग्रेस (ओ) से मुख्यमंत्री थे और नासिक राव तिरपुडे पांच मार्च 1978 से उस वर्ष 18 जुलाई तक राज्य के पहले उपमुख्यमंत्री रहे थे।
इसके अलावा, अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में कई अन्य नेता उपमुख्यमंत्री रहे। हालांकि, यह पहली बार है जब महाराष्ट्र में दो उपमुख्यमंत्री हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY