देश की खबरें | महाराष्ट्र: रायगढ़ को सतारा जिले से जोड़ने वाले घाट पर भूस्खलन, यातायात प्रभावित

अलीबाग (महाराष्ट्र), 28 जून महाराष्ट्र के रायगढ़ और सतारा जिलों को जोड़ने वाले एक घाट पर भूस्खलन हुआ है, जिससे 10 घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ के पोलादपुर को सतारा के महाबलेश्वर से जोड़ने वाले अंबेनाली घाट पर कालिका माता मंदिर के निकट मंगलवार रात लगभग साढ़े 11 बजे भूस्खलन हुआ।

रायगढ़ जिलाधिकारी कार्यालय ने बताया कि चूंकि रात के समय मलबा हटाना संभव नहीं था, इसलिए अधिकारियों ने सड़क को दोनों तरफ से यातायात के लिए बंद कर दिया।

उसने बताया कि बुधवार सुबह, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने एक जेसीबी मशीन तैनात की, जिसने मार्ग से गिरी हुई चट्टानों और मिट्टी को हटा दिया। सुबह लगभग 10 बजे तक यातायात बहाल कर दिया गया।

कार्यालय ने कहा कि रायगढ़ के मनगांव तालुका के लखपाले गांव में भूस्खलन की एक और घटना हुई। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ क्योंकि यह बस्ती क्षेत्र से दूर हुआ था। राजस्व विभाग ने चार परिवारों के 20 लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया।

रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से पिछले 24 घंटे के दौरान औसत 51 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पेन और माथेरान में 120 मिलीमीटर के साथ सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। जिले में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

कार्यालय ने कहा है कि स्थिति के मद्देनजर नदी के किनारे और पहाड़ियों के आधार क्षेत्र पर स्थित गांवों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

अधिकारियों ने कहा कि रायगढ़ जिले में 82 स्थानों पर स्वचालित मौसम स्टेशन स्थापित किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)