देश की खबरें | महाराष्ट्र: कहासुनी के बाद मित्रों ने की व्यक्ति की हत्या, दो हिरासत में

नासिक (महाराष्ट्र), 27 अगस्त महाराष्ट्र के नासिक शहर में एक मामूली मुद्दे पर हुई कहासुनी के बाद दो व्यक्तियों ने 27-वर्षीय एक मित्र की कथित तौर पर हत्या कर दी। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात शहर के सतपुर इलाके के शिवाजीनगर में हुई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

गंगापुर पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान शमशेर रफीक शेख और दीपक अशोक सोनावणे के तौर पर हुई, जिन्होंने विश्वकांत उर्फ ​​बबलू भीमराव पाटिल की हत्या कर दी।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया, दोनों ने पाटिल की इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उसने (मृतक ने) दो दिन पहले हुए एक झगड़े के दौरान अपने एक दोस्त का समर्थन किया था। रविवार को, दोनों आरोपी और मृतक (पाटिल) कार्बन नाका पर शराब पी रहे थे, तभी उनके बीच इस मुद्दे पर कहासुनी हो गई।’’

उन्होंने बताया कि शेख ने कथित तौर पर गुस्से में आकर पाटिल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, हालांकि, बाद में सोनावणे के साथ मिलकर शेख पीड़ित को अस्पताल ले गया।

अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दोनों की संलिप्तता का संदेह हुआ और उन्होंने उनसे पूछताछ की, जिसके बाद आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।

पुलिस ने कहा कि हत्या का एक मामला दर्ज किया गया है और दोनों को हिरासत में ले लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)