देश की खबरें | महाराष्ट्र: एकनाथ शिंदे ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, फडणवीस ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ

मुंबई, 30 जून शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शाम साढ़े सात बजे के बाद दक्षिण मुंबई स्थित राजभवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई।

शिंदे ने इस दौरान दिवंगत शिवसेना नेताओं-बाल ठाकरे और आनंद दिघे को श्रद्धांजलि दी। उनकी शपथ पूरी होते ही उनके समर्थकों ने ठाकरे और दिघे की प्रशंसा में नारे लगाए।

इससे पहले बृहस्पतिवार को, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि फडणवीस शिंदे के नेतृत्व में नई महाराष्ट्र मंत्रिपरिषद का हिस्सा होंगे। इससे कुछ मिनट पहले फडणवीस ने घोषणा की थी कि वह सरकार में शामिल नहीं होंगे।

फडणवीस ने उस समय सबको चौंका दिया जब उन्होंने घोषणा की कि शिंदे अगले मुख्यमंत्री होंगे। उनकी घोषणा ने इन उम्मीदों को खारिज कर दिया कि वह शिंदे गुट के समर्थन से मुख्यमंत्री पद पर वापसी करेंगे।

शिंदे ने समारोह के बाद कहा, "राज्य का विकास मेरी प्राथमिकता है। मैं समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलूंगा।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)