महाराष्ट्र: निषिद्ध क्षेत्र में प्रवेश करने को लेकर भाजपा के विधान परिषद सदस्य के खिलाफ मामला दर्ज
जमात

बीड, 19 मई महाराष्ट्र के बीड जिले में आष्टी नगर स्थित एक कोविड-19 निषिद्ध क्षेत्र में कथित तौर पर प्रवेश करने पर भाजपा के एक विधान परिषद सदस्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी।

एक अधिकारी ने बताया कि मामला आष्टी से विधान परिषद सदस्य सुरेश धास के खिलाफ शहर में एक निषिद्ध क्षेत्र में कथित तौर पर प्रवेश करने के लिए मामला दर्ज किया गया है।

आष्टी थाने के प्रभारी माधव सूर्यवंशी ने कहा, ‘‘धास ने क्षेत्र स्थित निषिद्ध क्षेत्र पाटन सांघी में सोमवार सुबह प्रवेश किया और सील किये गए क्षेत्र के निवासियों से मुलाकात की।’’

उन्होंने कहा कि विधान परिषद सदस्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और अन्य धाराओं और आपदा प्रबंधन कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

धास ने संवाददाताओं से कहा कि एक परिवार के सात लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद निषिद्ध क्षेत्र में स्थानीय लोग भयभीत हो गए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं वहां उन्हें ढाढस बंधाने गया था। उचित सामाजिक दूरी बनाते हुए मैंने लोगों से बात की। लेकिन प्रशासन ने मेरे खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की जो सामान्यत: आदतन अपराधी के खिलाफ लिया जाता है जो मैं नहीं हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)