देश की खबरें | महाराष्ट्र भाजपा ने अजित पवार और अनिल परब के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की

मुंबई, 24 जून महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी परमबीर सिंह और पूर्व पुलिसकर्मी सचिव वाजे से संबंधित मामलों के सिलसिले में बृहस्पतिवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार तथा परिवहन मंत्री अनिल परब के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की।

पाटिल यहां पार्टी की राज्य इकाई के एक सम्मेलन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा, ''प्रदेश भाजपा ने परमबीर सिंह और वाजे से संबंधित मामलों में कथित संलिप्तता के लिये उपमुख्यमंत्री अजित पवार और शिवेसना नेता तथा परिवहन मंत्री अनिल परब के खिलाफ सीबीआई जांच कराने की मांग से जुड़ा प्रस्ताव पारित किया है।''

फरवरी में यहां उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के निकट एक एसयूवी में विस्फोटक सामग्री रखी मिलने के मामले में वाजे की कथित संलिप्तता को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बीच सिंह को मार्च में मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटाकर होमगार्ड विभाग में भेज दिया गया था।

बाद में सिंह ने राज्य सरकार को भेज गए एक पत्र में उस समय राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।

मामले की जांच कर रहे राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 13 मार्च को वाजे को गिरफ्तार कर लिया था। पिछले महीने उन्हें पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)