देश की खबरें | मध्य प्रदेश : आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन स्कूली बच्चों की मौत, चार झुलसे

आगर मालवा (मप्र), 12 जुलाई मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के सोयतखुर्द में मंगलवार दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक शासकीय स्कूल के तीन छात्रों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गये। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आगर मालवा के जिलाधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब ये छात्र स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जाते समय बारिश के दौरान एक पेड़ के नीचे खड़े थे और अचानक इनके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई।

उन्होंने कहा कि इस घटना में तीन छात्रों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए समीपवर्ती राजस्थान के झालावाड़ में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शर्मा ने बताया कि मृतकों में भोला (16), कुंदन (14) एवं चंदन (11) शामिल हैं। ये तीनों सोयतखुर्द के रहने वाले थे।

आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार सगर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे शर्मा ने बताया कि झालावाड़ अस्पताल में चर्चा कर बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है।

इस बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘आगर मालवा के थाना सोयत कला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से शासकीय हाई स्कूल, सोयत खुर्द के विद्यार्थियों भोला, कुन्दन, चन्दन के असामयिक निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति!’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में हम सब शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये सहायता राशि प्रदान की जायेगी और घायलों के संपूर्ण इलाज की व्यवस्था भी राज्य सरकार करेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)