बड़वानी(मप्र), 16 जून कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 18 साल के शासन में राज्य ''अपराध प्रदेश'' बन गया है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
कमलनाथ ने आदिवासी बहुल बड़वानी जिले में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मध्य प्रदेश एक घोटाले और अपराध प्रदेश में तब्दील हो गया है। ये मेरे (अपराध से संबंधित) आंकड़े नहीं हैं बल्कि इंटरनेट पर मौजूद हैं। वर्तमान शासन काल में सबसे अधिक अपराध हुए हैं। मुख्यमंत्री अपनी 18 साल पुरानी सरकार का रिकॉर्ड देने में असमर्थ हैं।’’
कमलनाथ ने राज्य सरकार की ‘लाडली बहना योजना’ और कुछ अन्य ‘लोकलुभावन’ घोषणाओं पर कटाक्ष किया और कहा, ‘‘ अब 18 साल बाद और चुनाव से सिर्फ पांच महीने पहले वह (चौहान) लोगों का ध्यान सच्चाई से हटाने के लिए बहनों, कर्मचारियों, संविदा कर्मचारियों और किसानों को याद करने लगे हैं।’’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को यह ध्यान रखना चाहिए कि 2018 में उन्हें विधानसभा चुनाव से पहले सिर्फ पांच महीने (तैयारी के लिए) मिले थे जबकि अब उन्हें काम करने (2023 के चुनाव जीतने के लिए) के लिए पर्याप्त समय मिला है।
उन्होंने कहा, ‘‘ पिछली बार कमलनाथ का 2018 मॉडल था लेकिन इस बार यह कमलनाथ का 2023 मॉडल है।’’
बेरोजगारी के लिए भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कमलनाथ ने कहा कि राज्य में एक करोड़ लोगों के पास रोजगार नहीं है, लेकिन केवल 45 लाख लोगों ने (रोजगार कार्यालयों आदि के साथ) पंजीकरण कराया है, जबकि बाकी लोगों का इस प्रक्रिया से विश्वास उठ गया है।
पूर्व केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री कमलनाथ ने कहा कि उनके कई उद्योगपतियों के साथ अच्छे संबंध हैं लेकिन जब उन्हें मध्यप्रदेश में निवेश करने के लिए कहा जाता है तो वे कहते हैं कि राज्य भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।
स्थानीय मुद्दों के बारे में बात करते हुए कमलनाथ ने कहा कि बड़वानी राज्य के सबसे पिछड़े जिलों में से एक है और सड़क बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और शिक्षा के मामले में पिछड़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा लोगों को फिर से मूर्ख बनाने की योजना बना रही है (2023 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए) लेकिन मतदाता उनके वादों पर विश्वास नहीं करेंगे।
जय आदिवासी युवा संगठन (जयस) के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस ने कहा कि इसके सदस्य बुद्धिमान हैं और भविष्य के बारे में चिंतित हैं।
कमलनाथ ने कहा कि उनका ‘डीएनए’ खुद कांग्रेस का है और यह कई अन्य लोगों की तरह उनके संपर्क में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY