भोपाल, पांच जुलाई कांग्रेस महामंत्री एवं पार्टी के मध्यप्रदेश के प्रभारी मुकुल वासनिक राज्य की 24 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले आगामी उपचुनाव एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन के मद्देनजर रविवार को दो दिवसीय दौरे पर भोपाल आये।
मध्य प्रदेश विधानसभा की कुल 230 सीटों में से वर्तमान में 24 सीटें खाली हैं। इनमें से 22 सीटें कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे देने के कारण खाली हुई हैं, जबकि दो सीटें भाजपा एवं कांग्रेस के एक-एक विधायक के निधन के कारण रिक्त हैं। हालांकि, अब तक उपचुनाव की तिथि घोषित नहीं हुई है।
यह भी पढ़े | कोरोना वायरस से 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी महेंद्र यादव की मौत, LNJP में चल रहा था इलाज.
कांग्रेस के 22 विधायकों द्वारा मार्च में राज्य विधानसभा से त्यागपत्र देने से कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार 15 महीने में ही गिर गयी थी और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में 23 मार्च को प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार बनी है।
कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि भोपाल पहुंचने के बाद वासनिक ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, वरिष्ठ पार्टी नेता दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं के साथ बैठकें की।
इसी बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में 24 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले के लिए उपचुनाव क्षेत्रों के प्रभारियों से भी वासनिक भोपाल में एक-एक कर चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा कि वासनिक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी पूर्व मंत्री, जिला अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श कर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसी दौरान समस्त मोर्चा संगठनों के अध्यक्षों, विभागों के अध्यक्षों एवं उनके पदाधिकारियों के दायित्व की भी वे जानकारी लेंगे और उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
गुप्ता ने बताया कि वासनिक छह जुलाई को भी कांग्रेसजनों के साथ संगठनात्मक समीक्षा करेंगे।
इन 24 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के परिणाम महत्वपूर्ण है, क्योंकि विधानसभा में भाजपा एवं कांग्रेस के सदस्यों की वर्तमान संख्या को देखते हुए प्रदेश में इन दोनों दलों को ही सरकार बनाने का मौका ये परिणाम दे सकते हैं। वर्तमान में भाजपा के 107 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 92, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY