शिवपुरी, 19 मार्च मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला स्थित माताटीला बांध में नौका पलटने से डूबे चार बच्चों समेत सभी सात लोगों के शव बुधवार को प्राधिकारियों ने बरामद कर लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को उस समय हुई जब नौका पर सवार होकर 15 लोग खनियाधाना थाना क्षेत्र के माताटीला बांध के टापू पर स्थित एक मंदिर जा रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से आठ लोगों को बचा लिया गया और सात अन्य लोग लापता हो गए।
पिछोर के उपसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) प्रशांत शर्मा ने बताया कि रात भर बचाव अभियान जारी रहा और बुधवार शाम तक सभी सात शवों को बरामद कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि सबसे आखिर में लापता लड़की कुमकुम (15) का शव बरामद किया गया और शाम के समय शव को बाहर निकाला गया।
एसडीओपी ने बताया कि इससे पहले जो छह शव बरामद किये गये उनकी पहचान कान्हा (सात), शिवा (आठ), छाया (14), रामदेवी (35), लीला (40) और शारदा (55) के रूप में हुई है।
जिला प्रशासन ने एक बयान में बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुई नाव पर सवार 14 वर्षीय लड़के जॉनसन लोधी ने साहस दिखाया और अपनी मां और चाची को डूबने से बचाया।
बयान के मुताबिक, जॉनसन ने बचाव दल के आने तक उन्हें पानी में पकड़े रखा।
बयान में बताया गया कि लड़के ने न केवल अपनी जान बचाई बल्कि वह अपनी मां और चाची की जान भी बचाने में सफल रहा।
इस घटना में जीवित बची रामदेवी ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि नौका में नीचे से पानी घुसने लगा, जिससे वह कुछ ही समय में एक तरफ झुक गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY