इंदौर (मध्य प्रदेश), दो सितंबर लोकायुक्त पुलिस ने आय से ज्यादा संपत्ति के मामले में जारी जांच के दौरान एक खनिज अधिकारी के परिवार के तीन मंजिलों वाले आलीशान बंगले और इसमें मिले सामान की कुल कीमत 2.53 करोड़ रुपये आंकी है।
लोकायुक्त पुलिस के उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रवीण सिंह बघेल ने बुधवार को बताया कि जिला खनिज अधिकारी प्रदीप खन्ना के ठिकानों पर मंगलवार को मारे गये छापों के दौरान शहर के बॉयपास रोड की एक कॉलोनी स्थित बंगला सील कर दिया गया था।
उन्होंने बताया कि यह आलीशान बंगला खन्ना की पत्नी के नाम पर पंजीकृत है। लेकिन फिलहाल इसमें उनके परिवार का कोई भी सदस्य निवास नहीं कर रहा है।
डीएसपी ने बताया कि बुधवार को गवाहों की उपस्थिति में बंगले की तलाशी लिये जाने पर इसकी और इसमें मिले सामान की कुल कीमत 2.53 करोड़ रुपये आंकी गयी है।
यह भी पढ़े | कोरोना के यूपी के गौतम बुद्ध नगर जिले में 142 मरीज पाए गए: 2 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
बघेल ने बताया कि बंगले का लागत मूल्य 1.41 करोड़ रुपये आंका गया है, जबकि इसमें मिले सामान की कीमत का मूल्यांकन 1.12 करोड़ रुपये किया गया है।
उन्होंने बताया कि आलीशान बंगले के महंगे सामानों में लिफ्ट, होम थियेटर और केन्द्रीयकृत एयर कंडीशनर शामिल हैं।
लोकायुक्त पुलिस ने भारी भ्रष्टाचार के संदेह में खन्ना के इंदौर और भोपाल के ठिकानों पर मंगलवार को छापे मारे थे।
अधिकारियों ने बताया कि छापों में नौ लाख रुपये से ज्यादा की नकदी मिली थी। इसके साथ ही खनिज अधिकारी की वैध आय से कहीं ज्यादा चल-अचल संपत्ति के सुराग पाये गये थे।
उन्होंने बताया कि खन्ना पिछले पांच साल से इंदौर में जिला खनिज अधिकारी के रूप में पदस्थ थे। हाल ही में राज्य सरकार ने उनका तबादला इंदौर से श्योपुर किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY