नयी दिल्ली, 25 मई लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सात संसदीय सीट पर शनिवार को शाम पांच बजे तक 53.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
दिल्ली में 2019 के आम चुनाव में 60.52 प्रतिशत मतदान हुआ था, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा की सभी सात सीट पर जीत दर्ज की थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने बताया कि शाम पांच बजे तक 53.73 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक 57.97 प्रतिशत मतदान उत्तर पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में हुआ जबकि नयी दिल्ली सीट पर सबसे कम 50.44 प्रतिशत मतदान हुआ।
चांदनी चौक में 53.27 प्रतिशत, पूर्वी दिल्ली में 53.69 प्रतिशत, उत्तर पश्चिम दिल्ली में 53.17 प्रतिशत, पश्चिम दिल्ली में 54.15 प्रतिशत और दक्षिण दिल्ली में 51.84 प्रतिशत मतदान हुआ।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने मताधिकार का प्रयोग करने वालों में शामिल थे।
नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के लायंस विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने के बाद प्रधान न्यायाधीश ने कहा, "मैंने देश के नागरिक के तौर पर अपना कर्तव्य पूरा किया है। मैं पहले ही कह चुका हूं कि यह एक नागरिक का सबसे बड़ा कर्तव्य है।"
केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर और हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने भी मतदान किया।
निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि किसी भी मतदान केंद्र पर तकनीकी खराबी या मतदान शुरू होने में देरी की कोई जानकारी नहीं मिली है।
हालांकि, नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के सेंट कोलंबा स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग करने गईं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता वृंदा करात ने आरोप लगाया कि उन्हें वोट डालने के लिए लगभग एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा, क्योंकि उनके मतदान केंद्र पर ईवीएम नियंत्रण इकाई की बैटरी खत्म हो गई थी।
करात ने कहा, ‘‘हम वोट देने आए हैं, वे कह रहे हैं कि मशीन की बैटरी ‘डाउन’ हो गई है। अगर मशीन की बैटरी सुबह-सुबह ‘डाउन’ हो गई है, तो सोचिए निर्वाचन आयोग की (तैयारी की) क्या स्थिति है।’’
करात के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए नयी दिल्ली जिले के निर्वाचन अधिकारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नियंत्रण इकाई की बैटरी सुबह 10 बजे के आसपास ‘डिस्चार्ज’ हो गई थी और इसे 15 मिनट के भीतर बदल दिया गया था।
दिल्ली की मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने भी अनियमितताओं की शिकायत की। आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ‘‘दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से चिंताजनक खबरें आ रही हैं... जनकपुरी के कैप्टन अनुज नय्यर स्कूल में पीठासीन अधिकारी ने मतदान एजेंट से प्रपत्र 17 (सी) पर सुबह ही हस्ताक्षर कराने की कोशिश की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सरकारी स्कूल संख्या तीन, कालकाजी में एक निर्वाचन अधिकारी ने अभी आकर निर्देश दिए कि मतदान एजेंट कोई भी डेटा ‘नोट’ नहीं कर सकते। क्या निर्वाचन आयोग की मतदान संख्या में हेरफेर करने की योजना है?’’
दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि चुनाव कर्मियों को शिकायतों की जांच करने के लिए कहा गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल, पिता और दो बच्चों के साथ चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र में वोट डाला। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने "तानाशाही, महंगाई और बेरोजगारी" के खिलाफ वोट दिया है।
केजरीवाल ने मतदान करने के साथ-साथ लोगों से मतदान करने की अपील की। केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वोट जरूर डालकर आएं। अपने परिवार, सगे-सम्बंधियों और मित्रों से भी वोट करने के लिए कहें।’’
उन्होंने कहा, "मैं समझता हूं कि बड़ी संख्या में लोग तानाशाही, मुद्रास्फीति और बेरोजगारी के खिलाफ मतदान कर रहे हैं, क्योंकि वे अत्यधिक परेशान हैं।"
मौसम विभाग ने दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान व्यक्त किया था।
दिल्ली निर्वाचन आयोग ने कहा है कि उसने भीषण गर्मी को देखते हुए मतदाताओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है।
जयशंकर ने नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में एपीजे अब्दुल कलाम लेन पर अटल आदर्श विद्यालय में सबसे पहले मतदान किया। उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए आएं क्योंकि यह देश के लिए एक बड़ा निर्णय लेने का समय है।’’
पुरी ने कहा कि द्वार खुलने से आधे घंटे पहले मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेना बहुत अच्छा एहसास है।
दक्षिणी दिल्ली से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सही राम पहलवान, चांदनी चौक से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रवीण खंडेलवाल और नयी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज भी मतदान की शुरुआत में ही वोट डालने वाले मतदाताओं में शामिल रहे। ‘आप’ की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने भी नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में वोट डाला।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा, उनके पति रॉबर्ट वाद्रा, उनके बेटे रेहान और बेटी मिराया ने भी नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के लोधी रोड स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला।
पहली बार मतदान करने वाली मिराया ने कहा, ‘‘युवाओं के लिए मेरा एकमात्र संदेश है कि बाहर आएं और मतदान करें। बदलाव लाना हमारा काम है, इसलिए हमें बाहर आकर मतदान करने की जरूरत है।’’
रेहान वाद्रा ने कहा, ‘‘गर्मी है लेकिन हमें सीधे बदलाव लाने और लोकतंत्र में भाग लेने का मौका हर पांच साल में मिलता है, इसलिए सभी को बाहर आना चाहिए और मतदान करना चाहिए।’’
अधिकारियों ने बताया कि 82 लाख पुरुषों, 69 लाख महिलाओं और 1,228 ‘ट्रांसजेंडर’ समेत कुल 1.52 करोड़ मतदाता सात निर्वाचन क्षेत्र में 13,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए पात्र थे।
भाजपा को 2014 और 2019 के आम चुनावों में दिल्ली की सभी सात सीट पर भारी अंतर से जीत मिली थी और उसका लगातार तीसरी बार सभी सीट पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य है।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के सहयोगी आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस दिल्ली में मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। सीट बंटवारे की व्यवस्था के तहत ‘आप’ चार और कांग्रेस तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY